Monday, April 26, 2010

सभी कॉमिक्स प्रेमियों के लिये एक प्रेम भरा उपहार (वेताल और मैण्ड्रेक की कुछ कालजयी कथाएँ)

First Page of Phantom Daily D060 - The Wisdom of Solomon
रंग किसे आकर्षित नहीं करते? प्रकृति ने इन्सान को जो तमाम नियामतें बख्शी हैं, उनमें से एक बड़ी काबिलियत विभिन्न रंगों के मध्य सूक्ष्म विभेदन करने और उन्हें बारीकी से पहचानने की क्षमता भी है. बिना रंगों के सम्पूर्ण सृष्टि किस तरह अनाकर्षक नजर आएगी, सोच कर ही अजीब सा लगता है.

तरह-तरह के लुभावने रंगों का आकर्षण कितना मनोहारी होता है. बात चाहे बगीचे में खिले रंग-बिरंगे फ़ूलों की हो, या फ़िर आंगन में या घरों की छतों पर चहचहाते पक्षियों की, मानव जीवन में आनन्द तो रंग ही भरते हैं.

बचपन में घर में दैनिक हिन्दुस्तान पेपर आता था. इसमें नित्य गार्थ की तीन-चार पैनल वाली कॉमिक पट्टी छपती थी. रविवार के दिन मैण्ड्रेक और ब्लॉन्डी की स्ट्रिप आती थी. लेकिन ये सभी स्ट्रिप केवल श्वेत-श्याम होती थीं. सीमित पाठक विस्तार वाले और अल्प दाम में बिकने वाले समाचार-पत्र, उस जमाने में रंगीन चित्रों को छापने का खर्च वहन करना शायद उतना आसान नहीं पाते होंगे.

लेकिन यही कहानियाँ अपन फ़िर बाद में इन्द्रजाल-कॉमिक्स में पढ़ते थे और रंगीन छपाई में इनका मज़ा वाकई कई गुना हो जाता था. हालांकि रंगीन छपाई की तकनीक उस जमाने में आज की तरह उन्नत नहीं थी और व्यवसायिक बंदिशों के चलते कई बार कॉमिक की रंग भराई भी मामूली स्तर की ही होती थी, कारण चाहे अच्छे कलाकारों की अनुपलब्धता हो या फ़िर प्रकाशक की छपाई के खर्च पर अंकुश लगाने की कोशिश. लेकिन फ़िर भी रंगों का आकर्षण चुम्बकीय होता था.

कुछ वर्ष हुए, जब मैंने अन्तर्जाल पर कुछ पुरानी कॉमिक्स को पाया. लगा जैसे बचपन के दिन एक बार फ़िर सामने आकर खड़े हो गए हों. मन एक बार फ़िर उन्हीं सुहानी यादों के सागर में गोते लगाने लगा. कोई तीन वर्ष पहले मैंने अपना कॉमिक्स आधारित ब्लॉग बनाया और अपने पास अब तक सहेज कर रखी हुई कई सारी कॉमिक्स को इस ब्लॉग पर चढ़ाना शुरु किया. कोई सत्तर के आसपास कॉमिक्स अब तक मैं अपने ब्लॉग पर लगा चुका हूं. इस बीच और भी कई मित्रों ने अन्तर्जाल पर कॉमिक्स देना शुरु कर दिया और काफ़ी बड़ी संख्या में अब कॉमिक्स आसानी से यहां मिलने लगे.
Phantom Sunday S 136

ऐसे में कुछ नया करने का विचार आया. मैंने देखा था कि वेताल और मैण्ड्रेक की कई सारी पुरानी कहानियाँ ऐसी हैं, जो किसी कॉमिक बुक की शक्ल में कभी भारत में (या विश्व में कहीं भी) नहीं छपी थीं. अन्तर्जाल पर ये केवल ब्लैक एंड व्हाइट स्कैन के रूप में उपलब्ध थीं और सो भी केवल अंग्रेजी में. मन में एक विचार आया कि क्यों ना इन शानदार कहानियों को रंगीन करके कॉमिक्स प्रेमियों के लिये पेश किया जाए. और मैंने जल्द ही इस दिशा में कदम उठा लिया.
Mandrake Daily D017

अपने पहले प्रयास हेतु मैंने वेताल की एक ऐसी कहानी को चुना जो भारत में इन्द्रजाल कॉमिक्स का प्रकाशन बंद होने (वर्ष १९९० में) के बाद विदेशों में प्रकाशित हुई थी और हिन्दुस्तानी पाठकों के लिये अनजान थी. यह थी वेताल की रविवारीय कथा संख्या १३६ - The Return of Thuggees. पहले पहल दस पृष्ठ रंगीन करके मैंने पाठकों के सम्मुख रखे और इस पर उनकी प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया. सभी मित्रों ने उसे हाथों-हाथ लिया और जमकर पीठ थपथपाई. इस हौसले के टॉनिक पर काम करते हुए धीरे-धीरे करके पूरी कहानी रंगीन कर दी गयी और फ़िर सम्पूर्ण कथा एकल कड़ी के रूप में ब्लॉग पर पोस्ट की गयी.
Phantom Sunday S040

काम काफ़ी मुश्किल था. क्योंकि एक तो ग्राफ़िक्स सॉफ़्ट्वेयर के क्षेत्र में अपनी पहले से कोई विशेष दखल नहीं था और फ़िर शुरुआती जोश के असर में आकर मैंने एक ऐसी कहानी का चुनाव कर लिया था जो अत्यधिक रूप से लम्बी थी. ये पूरी कहानी पैंसठ (६५) पृष्ठों तक फ़ैली थी [सामान्य कहानी पच्चीस पृष्ठों तक की होती है] और प्रत्येक पृष्ठ रंगहीनता का दामन छुड़ाकर रंगीन चोला पहनने में चार से पाँच घण्टे का समय ले लेता था. धैर्य और समर्पण की ऐसी कड़ी परीक्षा पहले कभी नहीं हुई थी. लेकिन अंतिम परिणाम देखकर सारी मेहनत वसूल होती प्रतीत हुई. और फ़िर इसके बाद तो एक सिलसिला शुरु हो गया. जल्द ही कुछ और कहानियाँ रंगीन कर दी गयीं.

इनमें से कुछ कहानियाँ निम्न लिंक्स पर डाउनलोड के लिये उपलब्ध हैं. कृप्या वहां से डाउनलोड कर इनका आनन्द लें.

१) वेताल रविवारीय कॉमिक स्ट्रिप १३६ - Return of Thuggeess (१९९१)
२) वेताल रविवारीय कॉमिक स्ट्रिप ०४० - The Gibs Brothers (१९५५)
३) मैण्ड्रेक डेली कॉमिक स्ट्रिप ०१७ - The Deep South (१९३९)*
* Partially done so far.

इस बीच मैंने अपनी ओर से एक और नया प्रयास किया है और वेताल की एक बहुत पुरानी कहानी [डेली स्ट्रिप ०६० - The Wisdom of Solomon (वर्ष १९५५)] को ना सिर्फ़ ब्लैक एण्ड व्हाइट से रंगीन में तब्दील किया है बल्कि उसे हिन्दी में अनुवादित करके हिन्दी संवादों के साथ पेश करने का प्रयास किया है. उन कॉमिक्स प्रेमियों को, जो अपने बचपन के दिनों में हिन्दी इन्द्रजाल-कॉमिक्स (या किसी और स्त्रोत से वेताल और मैण्ड्रेक) पढ़ते रहे हैं, मेरा यह प्रयास अवश्य भायेगा, इसका मुझे विश्वास है.

एक बात जो इस कॉमिक को विशेष बनाती है वह यह कि इस कहानी को कभी भी भारत में किसी भी प्रकाशन द्वारा कभी प्रकाशित नहीं किया गया. इस कारण अभी तक भारतीय पाठक इससे अछूते ही रहे हैं. अब रंगीन चित्रों के साथ इस कहानी का आनन्द उठा सकते हैं. सचमुच बड़ी मजेदार कथा है और इसे पढ़कर आप सहज ही अंदाजा लगा सकते हैं कि वेताल आखिर इतना लोकप्रिय चरित्र कैसे बन गया होगा.

दोनों भाषाओं (अंग्रेजी एवम हिन्दी) के कॉमिक्स के लिंक्स नीचे हैं. आप जिस रूप में भी पढ़ना चाहें डाउनलोड कर सकते हैं.

वेताल डेली स्ट्रिप ०६० - The Wisdom of Solomon (वर्ष १९५५)
Phantom Daily D060

१) अंग्रेजी में ब्लैक एण्ड व्हाइट 
२) अंग्रेजी में रंगीन चित्रों के साथ
३) हिन्दी में रंगीन चित्रों के साथ

यदि आप डाउनलोड कर रहे हैं तो अनुरोध है कि कृपया अपनी प्रतिक्रिया से भी अवश्य अवगत कराएं. रंग भराई और अनुवाद दोनों के विषय में आपकी प्रतिक्रियाएं मुझे मेरे भविष्य के काम में सुधार करने में सहायक सिद्ध होंगी. उनका स्वागत है, अग्रिम धन्यवाद के साथ.


.

Sunday, March 21, 2010

राजकुमार को लेना पड़ा व्यक्तित्व निखार कोर्स (एक क्लासिक वेताल कथा १९८१ की इन्द्रजाल कॉमिक्स से)

अपनी लोकप्रियता के शिखर दिनों में (यानि गुजरी शताब्दी के छठवें और सातवें दशक में) वेताल और मैण्ड्रेक की कथाएँ विश्व के एक सैकड़ा से भी अधिक देशों के हजारों समाचार पत्रों का नियमित हिस्सा हुआ करती थीं. ये या तो समाचार पत्र की दैनिक पट्टिका के रूप में या फ़िर साप्ताहिक कॉलम के रूप में अपने चाहने वालों पाठकों के सामने आती थीं और उनकी दिनचर्या का एक अनिवार्य अंग बन चुकी थीं.

भारत में भी इन चरित्रों की लोकप्रियता अपनी चरम सीमा पर थी. वेताल यहां का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला चरित्र बन चुका था और उसके नए कारनामों का सांस रोक कर इंतजार करने वालों की तादात अच्छी खासी होती थी. आखिर वेताल में ऐसा क्या जादू था जो सात-आठ साल के बच्चों से लेकर पचास पार तक के पाठकों तक सभी को सहज और समान रूप से अपनी ओर आकर्षित कर लेता था?

तमाम अन्य विशेषताओं के बीच जो एक चीज़ मुझे नज़र आती है वह है उसके चरित्र का बेहद सरल होना. हालांकि उसका अपना एक विशिष्ट रहस्यलोक है और कभी-कभी उसके साहसिक कारनामे रोमांच की हद को पार कर जाते हैं, पर इसके बावजूद वेताल का चरित्र, नकाब के पीछे छुपे हुए एक आम आदमी का ही चरित्र है जिसने एक ध्येय दृष्टिगत रखते हुए कुछ असाधारण शारीरिक क्षमताओं को विकसित कर लिया है. इसके पीछे लम्बे समय से चली आती पारिवारिक परम्परा को आगे निभाने का संकल्प भी है तो अपने आसपास दिखती जुर्म और अत्याचार की दुनिया के प्रति व्यक्तिगत आक्रोश भी.  भावनात्मक स्तर पर भी देखें तो वह एक सामान्य इन्सान है जो अपने परिवार के प्रति भी उतना ही समर्पित है जितना अपने मूल सिद्धांतों के पालन के प्रति.

वेताल के चरित्र के कुछ अनछुए पहलुओं पर हम आगे कभी चर्चा करेंगे. फ़िलहाल आज की कॉमिक्स की ओर बढ़ते हैं. आज एक ऐसी कहानी प्रस्तुत कर रहा हूं जो वेताल के मानवीय पहलू को उजागर करती है. साथ ही ली फ़ॉक की कलम का लोहा मानने को एक बार फ़िर मजबूर करती है. एक कथाकार के लिये कहीं अधिक आसान होता है कि अपने रचे सुपरहीरो को दुनिया की कठिनाइयों से अपनी विशिष्ट शक्तियों की मदद से निपटते दिखा दिया जाए. लेकिन इस कहानी में वेताल जिस तरह अपने मित्र राजकुमार की मदद करता है वह अपने आप में एक अलग होकर वेताल के चरित्र को एक ह्यूमन टच देती है.

कहानी:

हजार मील तक फ़ैले जंगल में स्थित वेताल प्रदेश के पूर्वी किनारे पर कोहरा ढंके पर्वतों की एक लम्बी श्रंखला है. यहां अब भी मध्ययुग में जीने वाले राजाओं और राजकुमारों के साम्राज्य हैं. (यहां की एक कहानी हम इस पोस्ट में देख चुके हैं: इन्द्रजाल क्रमांक ००२ - अन्यायी की सेना). जहां अधिकांश राजा अब भी अपनी शक्ति के मद में चूर हैं वहीं मुश्किल से सही पर कुछ बेहतर कहलाने लायक भी मिल जाते हैं. ऐसा ही एक राजकुमार है - टेगों.

राजकुमार टेगों से वेताल की मुलाकात जंगल में उस वक्त होती है जब वेताल एक मुश्किल स्थिति में है. आड़े वक्त में टेगों वेताल की मदद करता है और बदले में वेताल की मित्रता हासिल करता है. टेगों वेताल के व्यक्तित्व से प्रभावित है और कल्पना करता है कि काश वह भी वेताल की तरह छरहरा और फ़ुर्तीला होता. तब वह नजदीक के राज्य की राजकुमारी सुंदरी मेलिन से अपने प्यार का इज़हार कर पाता. लेकिन थुलथुल, धीमे और  आत्मविश्वासहीन टेगों में स्वयं इतनी हिम्मत नहीं. वह वेताल को अपनी ओर से विवाह का प्रस्ताव लेकर मेलिन के पास भेजता है.

लेकिन पांसा उल्टा ही पड़ जाता है जब मेलिन ना सिर्फ़ टेगों से विवाह से साफ़ इन्कार कर देती है बल्कि स्वयं वेताल की ओर आकृष्ट हो जाती है. वह अपने सहायकों से वेताल के बारे में और जानकारी हासिल करने को कहती है और जैसे-जैसे उसके रहस्यलोक के बारे में जानती जाती है तो और भी अधिक उसके मोहपाश में बंधती जाती है. वेताल के लिये कठिन स्थिति बन जाती है. एक ओर उसका मित्र है जो मेलिन के प्रेम में सुध-बुध खो बैठा है और दूसरी ओर मेलिन स्वयं वेताल के लिये दीवानी हुई जा रही है.

समय है टेगों के लिये एक व्यक्तित्व सुधार कोर्स का. वेताल अंदाजा लगाता है कि मेलिन असल में टेगों को उतना नापसन्द नहीं करती, वह केवल टेगों की बेडौल और भद्दी आकृति और उसकी चारित्रिक दृढ़ता के अभाव के चलते उससे चिढ़ती है. शुरु होती है वेताल की देखरेख में राजकुमार टेगों की कठिन ट्रेनिंग. आखिरकार टेगों की मेहनत रंग लाती है और उसका व्यक्तित्व निखर उठता है. मेलिन को भी टेगों का नया रूप भाता है. लेकिन कहानी में एक ट्विस्ट आ चुका है. अब बदले हुए टेगों के पास और भी कई विकल्प हैं. पर आखिरकार मेलिन और टेंगो एक हो ही जाते हैं.


(१६०० px wide, १४ MB)

या फ़िर कुछ कम रिसोल्यूशन (१२०० px width, ८.७५ MB) वाला वर्ज़न डाउनलोड करें यहां से.

इस कहानी का पहला प्रकाशन हुआ था - सन १९५५ में अमरीकी समाचार पत्रों में दैनिक पट्टिका के रूप में.

.

Sunday, November 22, 2009

मौत की पुकार - अष्टांक गिरोह से मैण्ड्रेक की मुठभेड़ (वर्ष १९८५ से एक इन्द्रजाल कॉमिक्स)

रहस्य की तमाम पर्तों के बीच दबा हुआ एक गुमनाम सा अपराधी संगठन. सैकड़ों वर्षों से आमजन की जानकारी से सर्वथा परे रहकर गुप्त रूप से अपनी गतिविधियों को संचालित करता हुआ. ली फ़ॉक ने अपनी कई कहानियों को इस प्रकार के कथानक के इर्द-गिर्द बुना है. वेताल और मैण्ड्रेक, दोनों का ही सामना ऐसे रहस्यमय और खूंख्वार गिरोहों से लगातार होता रहा है. हमारी आज की कहानी एक ऐसे ही संगठन से मैण्ड्रेक की मुठभेड़ की दास्तां बयान करती है.

ये वो अपराधी गिरोह है जिसे हम "अष्टांक" के नाम से जानते हैं. मैण्ड्रेक की दुनिया में इसका आगमन तब हुआ जब उसकी प्रेयसी नारडा ने अनजाने में ही एक पुस्तकालय में इस प्राचीन गिरोह के अस्तित्व की जानकारी हासिल कर ली. नारडा की उत्सुकता तब और भी बढ़ गयी जब उसने जाना कि इस गिरोह के कारनामों का हल्का-फ़ुल्का सा जिक्र प्रत्येक शताब्दी में मिलता रहता है. यहां तक कि द्वितीय विश्व-युद्ध के दौरान भी इसके सद्स्यों द्वारा लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिये जाने की बात सामने आती है. तो क्या आज के समय में भी इस संगठन का कारोबार गति पर है?

गिरोह से अपनी पहली मुठभेड़ के दौरान मैण्ड्रेक और लोथार उसकी एक विंग को तबाह कर देते हैं. लेकिन अभी और भी कई कड़ियां बाकी हैं. सबसे मुश्किल है गिरोह के सरगना तक पहुंचना क्योंकि यह कुटिल और बेहद चालाक अपराधी केवल रेडियो संपर्क पर रहता है. उस पर हाथ डालना बेहद कठिन है. आज की कहानी में दूसरी मुठभेड़ का किस्सा है. आइये देखते हैं.

कहानी

अपने पूर्णत: सुरक्षित आवास "ज़नाडू" में लम्बे समय के बाद हासिल हुई छुट्टी का आनंद लेते मैण्ड्रेक की नजर अखबार की उस खबर पर अटक जाती है जिसमें एक दुर्घटनाग्रस्त बैंक लुटेरे का चित्र छपा है. उसके कोट की बांह पर टंका हुआ बटन ’८’ के अंक को दर्शा रहा है. अष्टांक का सूत्र हासिल करने की उम्मीद से मैण्ड्रेक एक नये मिशन पर लगता है. इंटर-इंटेल के विशाल कम्प्यूटर से उसे जानकारी हासिल होती है कि मारा गया अपराधी ’रूडी’ नामक एक छोटा-मोटा गुंडा था. वहीं से उसकी प्रेमिका ’बबली’ का पता चलता है. बबली से मैण्ड्रेक और लोथार की मुलाकात ’अष्टांक’ से छुपी नहीं रहती और वे अपराधी एक बार फ़िर इन दोनों को समाप्त करने के लिये अपनी पूरी ताकत झोंक देते हैं.

एक के बाद दूसरा सूत्र पकड़कर मैण्ड्रेक लगातार अष्टांक के करीब पहुंचता जाता है. गिरोह उसे पकड़ने के लिये जाल बिछाता है और वे आखिर मैण्ड्रेक को अपने कब्जे में करने में सफ़ल हो जाते हैं. उसे एक विद्युत कुर्सी पर कस दिया जाता है और जानकारी उगलवाने के लिये टॉर्चर किया जाता है. अष्टांक को मैण्ड्रेक की सम्मोहिनी शक्तियों की पूरी जानकारी है और इसी लिये उसकी आंखों पर पट्टी बांध कर रखा गया है. इधर नारडा और लोथार, मैण्ड्रेक की खोज में है.

देखने से लाचार मैण्ड्रेक अपनी श्रवण इन्द्रिय का प्रयोग करता है और बाह्य ध्वनियों पर ध्यान केंद्रित कर अपने कैदखाने की लोकेशन का अंदाजा लगा लेता है. टेलीपैथी संदेश की मदद से वह लोथार को अपनी स्थिति की जानकारी देता है. मानसिक संदेश का पीछा करते हुए लोथार और नारडा उस तक जा पहुंचते हैं. पिछली बार की तरह एक बार फ़िर अष्टांक के मंसूबे नाकामयाब होते हैं और उनका एक और विंग काल के गाल में समा जाता है.

बाकी आप खुद पढ़ें और आनंद लें.




छुट-पुट

१. यह कहानी पहली बार एक दैनिक कॉमिक स्ट्रिप के रूप में समाचार पत्रों में अगस्त १९६५ से फ़रवरी १९६६ के मध्य प्रकाशित हुई थी.
२. इन्द्रजाल कॉमिक्स में इसका पहली बार प्रकाशन सन १९७१ में हुआ (अंक १४४, ’मैण्ड्रेक की मौत का फ़ैसला’ में).
३. प्रस्तुत अंक (V22N47), इन्द्रजाल कॉमिक्स में इस कहानी का पुन: प्रकाशन था जो कि सन १९८५ में हुआ था.
४. अपने उद्गम से लेकर वर्तमान स्वरूप तक पहुंचने में लोथार के चरित्र ने कई पड़ावों को पार किया है. सन १९३४ में जब मैण्ड्रेक का चरित्र पहली बार सामने आया था तो लोथार को उसके शक्तिशाली लेकिन भोंदू सेवक के रूप में प्रस्तुत किया गया था. बदलते वक्त के साथ लोथार में भी बदलाव आये और फ़िर ली फ़ॉक ने उसके चरित्र को बेहतर आधार देते हुए उसे एक अफ़्रीकी कबीले का राजकुमार दर्शाया. मैण्ड्रेक को उसके अभिन्न मित्र के रूप में बदला गया. सामाजिक परिवर्तनों की झलक उस दौर की कहानियों में आसानी से देखी जा सकती है.

लोथार से सम्बन्धित एक मजेदार बात यहां इस कहानी को लेकर बांटना चाहूंगा. अपने प्रथम प्रकाशन में लोथार वही पुरानी ड्रेस, यानि चीते की खाल, निकर और टोपी में नजर आता है. लेकिन बाद के अंक में पुराने चित्रों में ही सुधार करते हुए लोथार को टी-शर्ट और फ़ुल पैंट पहनाकर स्मार्ट बनाया गया. संलग्न चित्रों में आप इन बदलावों को स्पष्ट देख सकते हैं.

१९७१ अंक
१९८५ अंक







.